रेलवे का बड़ा फैसला: कई स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी, नई वन-वे ट्रेनें भी चलेंगी

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने तथा कुछ नई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिल सके।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 01079/01080 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (दैनिक) विशेष ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है। गाड़ी संख्या 01079 सीएसएमटी से 15 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 62 फेरे संचालित होगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01080 गोरखपुर से 17 मई 2026 से 17 जुलाई 2026 तक कुल 62 फेरे चलेगी। इस ट्रेन की कुल संरचना 22 कोच की होगी, जिसमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य तथा एसएलआर कोच शामिल हैं।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 01415/01416 पुणे-गोरखपुर-हडपसर (दैनिक) विशेष ट्रेन की संचालन अवधि भी बढ़ाई गई है। गाड़ी संख्या 01415 पुणे से 15 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक 62 फेरे चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर से 16 मई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक 62 फेरे संचालित की जाएगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।

वहीं यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए रेलवे ने कुछ वन वे विशेष ट्रेनों के संचालन का भी निर्णय लिया है। इसके तहत गाड़ी संख्या 01102 हावड़ा-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस वन वे विशेष ट्रेन का संचालन 25 अप्रैल 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। यह ट्रेन हावड़ा से रात 11 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सीएसएमटी पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 01452 हावड़ा-हडपसर वन वे विशेष ट्रेन का संचालन 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को किया जाएगा। यह ट्रेन हावड़ा से 00:15 बजे रवाना होकर हडपसर तक जाएगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे, जिसमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य और एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कुछ अनारक्षित विशेष ट्रेनों का भी संचालन तय किया है। इनमें गाड़ी संख्या 09003/09004 उधना-जयनगर-उधना, 09007/09008 उधना-दानापुर-उधना तथा 09021/09022 उधना-दानापुर-उधना विशेष अनारक्षित ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें अप्रैल 2026 में निर्धारित तिथियों पर एक-एक फेरे के लिए संचालित की जाएंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारणी और स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस के माध्यम से प्राप्त करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।