मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज ने किया प्रयागराज–मानिकपुर खंड का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व संरक्षा पर दिया जोर

प्रयागराज। आज दिनांक 23 अप्रैलको उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने प्रयागराज?मानिकपुर खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था, ओएचई, प्लेटफॉर्म स्थिति तथा मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/समन्वय डॉ. शिवम शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य अखिलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/परिचालन आकाश श्रीनेत्र, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/परिचालन वीरेन्द्र वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर/समन्वय प्रमोद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भारतीय रेल का एक विशेष निरीक्षण होता है, जिसमें चलती ट्रेन से निरीक्षण कार की पिछली खिड़की से ट्रैक एवं उसके आसपास के प्रतिष्ठानों का सूक्ष्म अवलोकन किया जाता है। इस दौरान ट्रैक की स्थिति, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग पर ट्रेन की सवारी गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स (TGI) में सुधार, ओएचई की स्थिति, समपार फाटकों की सुरक्षा, सिग्नल की दृश्यता, सिग्नल बॉक्स की दशा, स्टेशन की सफाई एवं यात्री सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण मानकों की समीक्षा की जाती है।

निरीक्षण के क्रम में मण्डल रेल प्रबंधक ने सर्वप्रथम शंकरगढ़ स्टेशन का दौरा किया। यहां उन्होंने इंजीनियरिंग एवं सिग्नल प्रणाली, स्टोर तथा परिचालन पैनल का गहन निरीक्षण किया। साथ ही समपार फाटक संख्या 415 की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। स्टेशन पर स्थित आरक्षण कार्यालय, टिकट बुकिंग कार्यालय तथा निर्माणाधीन वेटिंग हॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा डभौरा स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां सर्कुलेटिंग एरिया एवं निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया गया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर पर शेड लगाने तथा यात्री शेड के विस्तार को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही निर्देश दिए कि सभी जनरल कोचों के सामने पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के अगले चरण में मण्डल रेल प्रबंधक ने मानिकपुर स्टेशन का दौरा किया, जिसे अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। यहां चल रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं, विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही लॉबी एवं रनिंग रूम का भी निरीक्षण कर लोको पायलट एवं गार्ड को उपलब्ध सुविधाओं और खानपान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के निरीक्षणों का उद्देश्य रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं और स्टेशन विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।