परशुराम चौक को लेकर चेयरमैन का बड़ा ऐलान, जयंती पर ब्राह्मण समाज के साथ मनाया उत्सव

खेरागढ़। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार महर्षि परशुराम की जयंती चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने अपने आवास पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही, जिनमें एडवोकेट सुरेंद्र लवानिया, अभिषेक पचौरी, नितिन पाराशर और अब्बू लवानिया सहित अन्य विप्र बंधु शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान महर्षि परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया और उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देखने को मिला।

चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने इस मौके पर सभी को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि परशुराम के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज की मांग को गंभीरता से लेते हुए खेरागढ़ में परशुराम चौक के निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सदस्यों के सहयोग से वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।

इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने चेयरमैन का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही खेरागढ़ में परशुराम चौक का निर्माण साकार रूप लेगा।