भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर दुग्धाभिषेक, हवन और भव्य आरती का आयोजन

आगरा,

आगरा में ब्राह्मण एकता मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा रविवार, 19 अप्रैल 2026 को भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम रामलाल वृद्ध आश्रम, कैलाश मंदिर के निकट, सिकंदरा में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम जी की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक से हुई। इसके पश्चात मंच के सदस्यों ने भगवान को अंगवस्त्र अर्पित कर पुष्पमालाएं पहनाईं और चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। पूरे वातावरण में जयकारों की गूंज से भक्ति का माहौल बन गया।

आचार्य पं. गयाप्रसाद पाण्डेय के सान्निध्य में विधिवत हवन कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने विश्व शांति और सुख-समृद्धि की कामना की।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2016 में दो दिवसीय नगर भ्रमण के बाद इसी स्थान पर भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई थी। वक्ताओं ने भगवान परशुराम जी को भगवान विष्णु का छठा अवतार बताते हुए उनके आदर्शों को आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के अंत में रामलाल वृद्ध आश्रम के अध्यक्ष शिवप्रसाद शर्मा के नेतृत्व में महाआरती की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर डॉ. दिवाकर तिवारी, यतीश लवानिया, रामेंद्र पचौरी, अमित लवानिया, विक्रांत बरूआ, चतुर्भुज तिवारी, रोहित उपाध्याय, सुशील शर्मा, घनश्याम तिवारी, ओम लवानिया, पुनीत भारद्वाज सहित ब्राह्मण एकता मंच के पदाधिकारी एवं आश्रम के वृद्धजन उपस्थित रहे।