लीलण एक्सप्रेस व अजमेर-दौंड स्पेशल अब इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी

जयपुर। रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस एवं अजमेर-दौंड-अजमेर स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन इलेक्ट्रिक इंजन से किया जाएगा। इससे रेल संचालन अधिक प्रभावी, तेज और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 12467/12468 जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस को जैसलमेर से 03 अप्रैल 2026 से तथा जयपुर से 01 अप्रैल 2026 से इलेक्ट्रिक इंजन के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09625/09626 अजमेर-दौंड-अजमेर स्पेशल रेलसेवा को अजमेर से 02 अप्रैल 2026 से तथा दौंड से 03 अप्रैल 2026 से इलेक्ट्रिक इंजन के जरिए चलाया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन होने पर यात्रियों को बेहतर समयपालन, सुचारु संचालन और ऊर्जा की बचत जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही यह कदम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।