उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित, महाप्रबंधक ने सुरक्षा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में बुधवार को महाप्रबंधक अमिताभ की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में रेल संरक्षा, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की स्थिति, समपार फाटकों को बंद करने, यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आय बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में उत्तर पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन सराहनीय रहा है, लेकिन सभी कार्यों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने पर बल दिया। साथ ही विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट एवं सजगता से कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। जोधपुर मंडल के लोको पायलट श्री लाला राम चोयल को 18 मार्च 2026 को जोधपुर?मेडता रोड रेलखंड पर ट्रैक पर गिरे पेड़ को समय रहते देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोकने और संभावित दुर्घटना टालने के लिए पुरस्कृत किया गया।

इसी प्रकार जयपुर मंडल के बांदीकुई स्थित तकनीशियन ग्रेड-प्रथम श्री रामहरी मीना को 5 मार्च 2026 को एक मालगाड़ी के परीक्षण के दौरान वैगन से असामान्य ध्वनि पहचानकर जांच में खराबी का पता लगाने तथा समय रहते खराब वैगन को अलग कर संभावित दुर्घटना टालने के लिए सम्मानित किया गया।

बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूर्ण करें, जिससे रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर स्वीकृत कार्यों के निष्पादन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।