नागौर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, 17.32 करोड़ की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अंतर्गत नागौर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 17.32 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस विकास कार्य का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करना और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार प्रगति पर है। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर रैंप से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन भवन को आकर्षक और आधुनिक रूप दिया जा रहा है।

पुनर्विकास के तहत यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ परिसर, दिव्यांगजन के लिए सुगम सुविधाएं, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट यात्री सूचना प्रणाली तथा पार्किंग जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का प्रयास जारी है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रमुख कार्य:

स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण एवं सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, अलग प्रवेश और निकास द्वार

ऑटो, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था

यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए आधुनिक पोर्च (बरामदा) का निर्माण

महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों सहित आधुनिक प्रतीक्षालय

वीआईपी/अतिथि कक्ष का निर्माण

?पे एंड यूज? शौचालय की सुविधा

स्टेशन भवन का आंतरिक सुधार एवं आधुनिकीकरण

आकर्षक फसाड (मुख्य अग्रभाग) का निर्माण

नए प्लेटफॉर्म शेल्टर (आश्रय)

दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, पेयजल बूथ की व्यवस्था

बेहतर एवं स्पष्ट साइनबोर्ड

सूचना एवं प्रचार के लिए होर्डिंग व्यवस्था

आधुनिक फर्नीचर की सुविधा

12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण

पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद नागौर रेलवे स्टेशन यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। रेलवे की यह पहल क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा को नई दिशा देने वाली साबित होगी।