ट्रेन में मिला घर से निकला नाबालिग, टिकट परीक्षक की सतर्कता से सुरक्षित

जोधपुर। घर से बिना किसी को बताए निकले एक नाबालिग को ट्रेन में मिलने पर टिकट परीक्षक की सतर्कता से उसे सुरक्षित संरक्षण मिल गया। रेलवे कर्मचारी की सूझबूझ और जिम्मेदारी के चलते बच्चे को समय रहते रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द कर दिया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सोमवार को ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर?काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार पंवार को एक नाबालिग अकेला मिला। शक होने पर उन्होंने बच्चे से पूछताछ की, जिसमें बच्चे ने अपने पिता का नाम आसु गिरी बताया और कहा कि वह बीकानेर जिले की नोखा तहसील के उदासर गांव का रहने वाला है।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार पंवार ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण के लिए मारवाड़ जंक्शन स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द कर दिया।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अब नाबालिग के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

रेलवे अधिकारियों ने टिकट निरीक्षक की सतर्कता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जागरूकता और मानवीय संवेदनशीलता से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।