अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 19.88 करोड़ से निखरा बालोतरा रेलवे स्टेशन, पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा

जोधपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल स्थित बालोतरा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प लगभग पूरा हो चुका है। करीब 19.88 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। वर्तमान में केवल पार्किंग क्षेत्र में मार्किंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि अन्य सभी निर्माण और विकास कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस योजना के तहत स्टेशन के प्रथम और द्वितीय प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, पीआरएस काउंटर, वीआईपी प्रतीक्षालय, डॉरमिट्री, अपर क्लास प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम तथा स्टोर रूम सहित यात्रियों से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सुविधाओं का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।

स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए बेहतर फ्लोरिंग, वॉल क्लैडिंग, पेंटिंग, विद्युत एवं सैनिटरी कार्य भी पूर्ण कर लिए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया, मुख्य प्रवेश और निकास द्वार, वाहन नियंत्रण व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य भी पूरे कर लिए गए हैं।

दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर दिव्यांग अनुकूल रैंप, रेलिंग, विशेष शौचालय और ग्रैब बार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पुरुष और महिला यात्रियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय भी विकसित किए गए हैं।

प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सतह सुधार, टैक्टाइल टाइल्स बिछाने और रंग-रोगन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुनर्विकसित बालोतरा रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया यह विकास कार्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।