मेड़ता रोड केंद्रित औचक टिकट जांच अभियान, 469 मामलों से 1.86 लाख रुपये की वसूली

मेड़ता रोड केंद्रित औचक टिकट जांच अभियान, 469 मामलों से 1.86 लाख रुपये की वसूली

बेटिकट यात्रियों में मचा हड़कंप, जोधपुर मंडल में 24 घंटे में 1100 मामले पकड़े गए

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन को केंद्र बनाकर चलाए गए विशेष औचक टिकट जांच अभियान में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों में जांच कर 469 मामलों का पता लगाया गया, जिनसे रेलवे ने 1 लाख 86 हजार 595 रुपये का राजस्व वसूल किया।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार शनिवार को मेड़ता रोड स्टेशन को केंद्र बनाकर यह विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में पूरे दिन मेड़ता रोड से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की गई।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले कुल 469 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 1 लाख 86 हजार 595 रुपये की वसूली की गई। इस राशि में लगभग 1 लाख रुपये जुर्माने के रूप में शामिल हैं। इस विशेष अभियान में 20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने भाग लिया और ट्रेनों में सघन जांच कर कार्रवाई की।

सीनियर डीसीएम के अनुसार जोधपुर मंडल में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1100 बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे को 5 लाख 14 हजार रुपये का उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ, जो सामान्य दिनों की तुलना में अधिक है।

रेल प्रशासन ने बताया कि ऐसे अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर नियंत्रण रखना तथा यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना है। भविष्य में भी इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।