जोधपुर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा से यात्रियों को राहत, सुरक्षित रख सकेंगे अपना सामान

जोधपुर। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा जोधपुर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इसके माध्यम से यात्री अपने सामान को सुरक्षित लॉकर में रखकर निश्चिंत होकर स्टेशन परिसर में अपने कार्य कर सकते हैं या कुछ समय के लिए शहर भी जा सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जोधपुर स्टेशन पर डिजिटल लॉकर की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा के अंतर्गत यात्री अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर लॉकर को सक्रिय कर सकते हैं तथा ऑनलाइन भुगतान करके इसका उपयोग कर सकते हैं। इससे यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के साथ-साथ अतिरिक्त सुविधा भी प्राप्त होती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस सुविधा का उपयोग करने के लिए यात्री डिजिटल पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करते हैं। इसके बाद ओटीपी के माध्यम से लॉगिन किया जाता है और एक बार पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होती है, जिसमें नाम और ईमेल आईडी दर्ज की जाती है।

पंजीकरण पूरा होने के बाद यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार लॉकर का आकार चुन सकते हैं। इसके पश्चात पैनल पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर भुगतान करने पर लॉकर उपयोग के लिए उपलब्ध हो जाता है।

उन्होंने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभदायक है जिन्हें ट्रेन के आगमन या प्रस्थान के बीच कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना होता है। डिजिटल लॉकर सुविधा के माध्यम से यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा की चिंता से मुक्ति मिलती है।

रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जो यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा दे रही है।