हरदोई में शातिर भैंस चोरों की पुलिस से मुठभेड़, दाएं पैर में गोली लगने से एक घायल, दो अन्य पशु तस्कर गिरफ्तार

हरदोई। जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर पशु तस्करों को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना 01 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 1 बजे की है, जब वादी प्रमोद पुत्र विश्राम, निवासी ग्राम पलियापुर द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भैंस चोरी की सूचना स्थानीय थाना सवायजपुर पर दी गई। सूचना मिलते ही थाना सवायजपुर पुलिस ने जनपद के समस्त थानों को आरटी सेट के माध्यम से सतर्क करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए।
इसी क्रम में थाना हरपालपुर पुलिस टीम ग्राम जूरी के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक पिकअप डाला आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पीछा किया, खुद को घिरा देख पिकअप में सवार अभियुक्तों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गुलशेर पुत्र टेनी, निवासी ग्राम धुमरी थाना जैथरा जनपद एटा, दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
मौके से दो अन्य आरोपी गिरधारी पुत्र दुसौदी निवासी ग्राम लंगड़ा सुन्दर डेरा बंजारा थाना नारकी जनपद फिरोजाबाद तथा भोला पुत्र कोमिल निवासी ग्राम धुमरी थाना जैथरा जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, चोरी का पिकअप डाला, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर पशु तस्कर हैं, जो दिन में रेकी और रात में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने हरपालपुर, कछौना, लोनार और सवायजपुर क्षेत्रों में कई पशु चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।