हरदोई में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग के बाद युवती से मारपीट का आरोप, परिवार के दबंगों पर कार्रवाई की मांग

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बृजलाल पुरवा मोहल्ले में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक युवती पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद में युवती को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता काजल के अनुसार घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि उसके ही परिवार से जुड़े लोग, जिनमें ताऊ बृजभूषण मिश्रा, उनके पुत्र रोहित मिश्रा, आशू शुक्ला, कमल सहित अन्य लोग शामिल थे, जो उसके पिता विनोद कुमार मिश्रा के प्लॉट में बनी दीवार को जबरन गिरा रहे थे। जब काजल ने इसका विरोध किया और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगी तो आरोपियों ने उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद फायरिंग की गई और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई। आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
पीड़िता ने बताया कि जब उसका भाई सुमित मिश्रा उसे बचाने के लिए आगे आया तो दबंगों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। किसी तरह दोनों जान बचाकर घर पहुंचे, लेकिन इसके बाद भी हमलावरों का कहर नहीं रुका। आरोप है कि रोहित मिश्रा के साथ आए करीब 10 अज्ञात लोगों ने घर पर पहुंचकर अंधाधुंध ईंट-पत्थर फेंके और दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना से घबराई पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता काजल के पिता बृजभूषण मिश्रा ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।