शारदा नहर में युवक का शव मिलने से सनसनी, दुर्घटना या हत्या की जांच में जुटी पुलिस, हरदोई में बाइक से हुई पहचान

हरदोई। जनपद के लोनार थाना क्षेत्र अंतर्गत बावन शारदा नहर पुल के पास नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय मनमोहन सिंह पुत्र नन्हे सिंह, निवासी कमालपुर अरुआ थाना हरियावां जनपद हरदोई के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ स्थित अपनी ससुराल गया था। वहां से वापस लौटते समय यह घटना हुई। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे बावन नहर पुल के पास एक बाइक खड़ी मिली थी। कोहरे के कारण आसपास कोई व्यक्ति दिखाई नहीं दिया, जिस पर पुलिसकर्मियों ने बाइक को सुरक्षित चौकी पर लाकर खड़ा कर दिया। जांच के दौरान बाइक के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पता चला कि वह हरदयाल पुत्र तेजा, निवासी कमालपुर अरुआ थाना हरियावां के नाम दर्ज है। इसी जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान संभव हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही बावन चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोनार कोतवाली प्रभारी राकेश यादव समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद शव को नहर से निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना अथवा अन्य कारणों की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।