हरदोई में भाजपा महिला मोर्चा का हंगामेदार प्रदर्शन, कांग्रेस दफ्तर के बाहर भिड़ंत, LIU इंस्पेक्टर से भिड़ी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष

हरदोई। कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली और अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जिंदपीर चौराहे से पैदल मार्च निकाला। इससे पहले सामाजिक वीरांगना एवं सांस्कृतिक संस्थान के बैनर तले कांग्रेस और राहुल गांधी का पुतला भी फूंका गया था, जिसकी भनक स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को नहीं लगी और इसकी भूमिका पर सवाल उठे।
दोपहर 1 बजे जैसे ही महिला मोर्चा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे, दोनों दलों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर बैरीकेडिंग और तिरपाल लगाकर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने लाल रंग फेंककर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडे, चप्पल और रंग चले। इसी दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता ने एलआईयू इंस्पेक्टर अमित ठेनुआ को पकड़कर धक्का भी दिया, जिससे खुफिया इकाई की भूमिका कटघरे में आ गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी शर्म करो और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए। जवाब में कांग्रेसियों ने बीजेपी मुर्दाबाद और वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाकर विरोध किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर में हमला करने आए थे, जबकि राहुल गांधी ने कभी किसी के लिए अपशब्द का प्रयोग नहीं किया। वहीं भाजपा नेत्री सुहाना जैन का कहना था कि कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द बोले गए, जो कांग्रेस की सोच और महिलाओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है।