विभाजन विभीषिका दिवस पर हरदोई में कैंडल मार्च, विभाजन पीड़ित परिवारों का हुआ सम्मान, डीएम-एसपी ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

हरदोई। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जनपद में विभाजन विभीषिका दिवस श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन की दर्दनाक त्रासदी को याद किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर पार्क से हुई, जहां से गांधी भवन तक कैंडल मार्च निकाला गया।
कैंडल मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने किया। मार्च में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाकर विभाजन के पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए मौन श्रद्धांजलि दी। गांधी भवन पहुंचने पर विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जिसमें उस दौर की तस्वीरें और दस्तावेज प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभाजन की त्रासदी झेल चुके परिवारों के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस भावुक पल में कई लोगों की आंखें नम हो गईं। प्रदर्शनी के दृश्यों ने विभाजन के दर्द को एक बार फिर ताजा कर दिया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी विरा प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि विभाजन का इतिहास हमें हमेशा एकता, भाईचारे और देश की अखंडता की अहमियत याद दिलाता रहेगा।