हरदोई में कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में मारपीट, एक की मौत, दो गंभीर घायल

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के महुईपुरी गांव में शुक्रवार रात एक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शेखरन उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान के अनुसार, 20 नवंबर की रात डायल-112 पर महुईपुरी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। इस पर कोतवाली देहात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि एक पक्ष के शेखरन उर्फ गुड्डू पुत्र मोतीलाल और दूसरे पक्ष के राजकिशोर पुत्र लल्लन के बीच कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
इस घटना में शेखरन उर्फ गुड्डू, रोहित पुत्र गुड्डू और ज्ञाना पत्नी गुड्डू घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शेखरन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।