गंगा आरती एवं फीता काटकर राजकीय मेला बेरियाघाट का शुभारंभ, हरदोई में विधायक, डीएम और एसपी ने किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आराधना कर मांगी सुख-समृद्धि

हरदोई। राजकीय मेला बेरियाघाट का शुक्रवार 20 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठान और गंगा आरती के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। विधायक बिलग्राम-मल्लावां आशीष सिंह आशू, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान घाट पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा की आरती से हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मेले में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजकीय मेला बेरियाघाट क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय नागरिक पहुंचते हैं। मेले के आयोजन से क्षेत्र में उत्सव और धार्मिक उल्लास का माहौल बनता है।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी बिलग्राम नहने राम, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।