हरदोई में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां होंगी स्वीकार, नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6, डीएम कार्यालय में हेल्पलाइन भी स्थापित

हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि जिले में कुल 26,52,820 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 14,50,919 पुरुष, 12,01,861 महिला और 40 अन्य मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का निरीक्षण जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केंद्रों और संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के पास किया जा सकता है। इसके अलावा सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट और हरदोई जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर को किया जाएगा। इस दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
जनसमस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। इसका टोल फ्री नंबर 05852-234407 है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए भी बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।