हरदोई में घर लौट रहे कबाड़ व्यापारी को तेज़ रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, वाहन छोड़कर चालक फरार, परिवार में मचा कोहराम

हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल से बनी जुगाड़ ठेली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ठेली सवार कबाड़ व्यापारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धोबिया गांव निवासी जुगराज उर्फ जुग्गू (पुत्र रामभरोसे) मोटरसाइकिल से बनी जुगाड़ ठेली के जरिए आसपास के गांवों में घूमकर कबाड़ खरीदने का काम करते थे। इसी से होने वाली आमदनी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को रोजाना की तरह काम निपटाने के बाद वह अपनी ठेली से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोबिया और खटेली गांव के बीच पिहानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी ठेली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जुगाड़ ठेली के परखच्चे उड़ गए और जुगराज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए, लेकिन तब तक डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग चुका था।
सूचना मिलने पर पिहानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। जुगराज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।