हरदोई में उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए मुकदमे से धाराएं हटाने पर दरोगा निलंबित, गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश

हरदोई। पुलिस विभाग में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने थाना पचदेवरा में तैनात उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रामकरन प्रसाद की तैनाती थाना पचदेवरा में थी। आरोप है कि थाना बघौली में पंजीकृत एक अभियोग में उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों को सूचित किए बिना ही मुकदमे में दर्ज धाराओं का लोप कर दिया। इस मामले को कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।
इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन न करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के मामलों में सख्ती के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।