हरदोई में विशेष अभियान दिवस पर डीएम और एसपी ने किया बूथों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बीएलओ को समय से उपस्थित रहने के दिए निर्देश

हरदोई। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने विकासखंड बावन क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय भिठारी और उच्च प्राथमिक विद्यालय भिठारी स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। इसके बाद मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इसी क्रम में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों का गंभीरता से परीक्षण करें और प्राप्त त्रुटियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने बूथों पर उपस्थित रहें। सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहकर बूथों का निरीक्षण करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता दी जा रही है। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम नहीं होने पर बीएलओ के माध्यम से या https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करें। किसी भी समस्या के लिए जिला हेल्पलाइन नंबर 05852-234407 पर संपर्क किया जा सकता है।