माता वैष्णो देवी के पारंपरिक यात्रा मार्ग का होगा कायाकल्प, 15 करोड़ रुपये मंजूर

जम्मू-कश्मीर। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने माता वैष्णो देवी के पारंपरिक तीर्थ यात्रा मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य प्राचीन यात्रा मार्ग की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ वहां बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। जीर्णोद्धार के बाद श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

पारंपरिक मार्ग के विकास से न केवल इसकी ऐतिहासिक पहचान को सहेजने में मदद मिलेगी, बल्कि मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम होगा। इस पहल को माता वैष्णो देवी की यात्रा से जुड़े पुराने मार्ग को नई सुविधाओं के साथ संवारने की महत्वपूर्ण कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड लंबे समय से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर सुविधाओं को विकसित और उन्नत करता रहा है। बोर्ड के अनुसार कटरा से भवन तक के यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।

करीब 15 करोड़ रुपये की इस परियोजना से पारंपरिक मार्ग की विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसके बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इससे देशभर से माता के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भविष्य में अधिक सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।