जम्मू मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सुविधा

जम्मू। स्वच्छता अभियान-2026 के तहत उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में जम्मू मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

श्री माता वैष्णो देवी कटरा, पठानकोट, श्रीनगर, जम्मू सहित मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेशनों पर मौजूद सभी पेयजल केंद्रों, पानी ठंडा करने वाले उपकरणों और नलों की नियमित सफाई एवं रखरखाव किया जा रहा है।

पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समय-समय पर पानी की जांच के साथ जल फिल्टरों की सफाई भी की जा रही है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को हर समय स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

स्वच्छता अभियान के तहत पेयजल केंद्रों के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित कर्मचारियों को पेयजल सुविधाओं और आसपास के क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे स्टेशन परिसर में स्वच्छता के साथ यात्रियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही पेयजल सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, पानी की बर्बादी न करें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

जम्मू मंडल ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत यात्रियों को सुरक्षित पेयजल सहित बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।