भारी बारिश से क्षतिग्रस्त कांगड़ा वैली रेलखंड की बहाली की तैयारी तेज, सुरक्षा परीक्षण इस सप्ताह

जम्मू। भारी बारिश से प्रभावित पठानकोट-बैजनाथ पपरोला नैरो गेज रेलखंड पर रेल सेवा बहाल करने की दिशा में जम्मू मंडल ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए रेल ट्रैक की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य इंजीनियरिंग विभाग ने युद्धस्तर पर पूरा कर लिया है। अब पूरे रेलखंड की सुरक्षा और परिचालन क्षमता सुनिश्चित करने के लिए इस सप्ताह सुरक्षा परीक्षण किया जाएगा।

क्षतिग्रस्त रेल ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने में इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार की सक्रिय निगरानी और टीम की दिन-रात की मेहनत महत्वपूर्ण रही। लगातार बारिश और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद विभागीय टीम ने मौके पर तेजी से काम करते हुए मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया, जिससे रेलखंड की बहाली की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सका।

मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू की अध्यक्षता में ट्रायल और बहाली कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया है। इसके तहत कांगड़ा वैली नैरो गेज के सभी सेक्शनों में सुरक्षा परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण परिचालन और इंजीनियरिंग विभाग की टीमों द्वारा किया जाएगा, ताकि रेलखंड पर ट्रेन संचालन से पहले प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित हो सके।

रेल प्रशासन के अनुसार सभी सुरक्षा परीक्षण सफल होने और ट्रैक की फिटनेस का प्रमाणन प्राप्त होने के बाद अग्रिम आदेश के अनुसार ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कांगड़ा वैली रेल सेवा को सुरक्षित और सुचारु रूप से बहाल करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

भारी बारिश के बाद कम समय में क्षतिग्रस्त रेलखंड की मरम्मत पूरी कर सुरक्षा परीक्षण की स्थिति तक पहुंचना रेल इंजीनियरिंग टीम की कार्यकुशलता, समर्पण और मुस्तैदी को दर्शाता है।