कठुआ से यूरोबिक बिस्किट की पहली रेल लोडिंग, जम्मू मंडल की माल ढुलाई टोकरी में जुड़ा नया उत्पाद

जम्मू। जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों से रेल माल ढुलाई को बढ़ावा मिल रहा है। इसी क्रम में 30 सितंबर को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से यूरोबिक बिस्किट की पहली लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। यह खाद्य उत्पाद श्रेणी में जम्मू मंडल की पहली लोडिंग है।

कठुआ की औद्योगिक इकाई रतन ऑयल मिल्स द्वारा निर्मित यूरोबिक बिस्किट के परिवहन के लिए 26 सितंबर को एक बीसीएन वैगन का इंडेंट पंजीकृत किया गया था। बुधवार को इसकी लोडिंग कठुआ से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए की गई। इस पहल से स्थानीय और छोटे उद्योगों के लिए भारतीय रेल के माध्यम से माल परिवहन की नई संभावनाएं खुली हैं।

कठुआ स्टेशन पर हाल के दिनों में माल ढुलाई गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 14 सितंबर को पहली बार आंतरिक माल यातायात के तहत गणपति सीमेंट, कठुआ द्वारा सीमेंट का परिवहन रेल मार्ग से किया गया था। इसके अलावा अनंतनाग गुड्स शेड से कठुआ तक चावल की सफल आवक भी दर्ज की गई है। पिछले 15 दिनों में करीब 30 वैगन पिसमील की लोडिंग भी की जा चुकी है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल का लक्ष्य स्थानीय उद्योगों को रेल परिवहन से जोड़कर उन्हें किफायती और विश्वसनीय विकल्प उपलब्ध कराना है। सीमेंट के बाद बिस्किट जैसे नए उत्पाद का जुड़ना माल ढुलाई को अधिक विविध बना रहा है। रेल परिवहन सड़क की तुलना में सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ कश्मीर घाटी में निर्माण सामग्री और खाद्य उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में भी मददगार साबित हो रहा है।