फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग का शानदार प्रदर्शन, दो कर्मचारियों ने एक दिन में जुटाया 2 लाख रुपये से अधिक का राजस्व

फिरोजपुर। रेलवे के राजस्व में वृद्धि और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए फिरोजपुर मंडल की टिकट चेकिंग टीम लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। इसी कड़ी में लुधियाना मुख्यालय के टिकट चेकिंग कर्मचारी राजिंदर सिंह और राम रूप मीना ने 22 नवंबर 2026 को शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में अलग-अलग 1-1 लाख रुपये से अधिक का टिकट चेकिंग राजस्व अर्जित किया। दोनों कर्मचारियों ने मिलकर 2 लाख रुपये से अधिक का राजस्व रेलवे के खाते में जमा कराया।

दोनों कर्मचारियों की इस उपलब्धि को उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी का शानदार उदाहरण माना जा रहा है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग व्यवस्था को मजबूती मिली है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने दोनों कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजिंदर सिंह और राम रूप मीना का यह प्रदर्शन अन्य टिकट चेकिंग कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इसी तरह पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा रेलवे के राजस्व में वृद्धि करने में योगदान देने की अपील की।