फिरोजपुर मंडल ने टिकट चेकिंग से एक दिन में कमाया 15 लाख रुपये का राजस्व, बनाया रिकॉर्ड

फिरोजपुर। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवे राजस्व बढ़ाने और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 18 नवंबर को मंडल ने टिकट चेकिंग से एक ही दिन में 15 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर रिकॉर्ड बनाया।

इस उपलब्धि में टिकट चेकिंग कर्मचारियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। लुधियाना मुख्यालय के टिकट निरीक्षक रामरूप मीना ने अकेले एक दिन में 1 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया। विशेष टिकट चेकिंग अभियान लुधियाना-अमृतसर, फिरोजपुर-बठिंडा और लुधियाना-जालंधर कैंट सहित मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर चलाया गया।

अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सघन जांच की गई। साथ ही यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने के लिए रेलवन ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने और रेलवे राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।