लुधियाना यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित, 4 ट्रेनें रद्द और 2 शॉर्ट टर्मिनेट

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल के सानेहवाल-लुधियाना जंक्शन रेलखंड पर लुधियाना यार्ड में टीटीआर (सुपरस्ट्रक्चर) नवीनीकरण कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने 28 नवंबर 2026 को चलने वाली 4 ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही 2 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और 2 ट्रेनों को शॉर्ट ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है।

ये 4 ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे के अनुसार, 28 नवंबर को ट्रेन संख्या 54603 हिसार-लुधियाना, 54604 लुधियाना-चूरू, 54605 चूरू-लुधियाना और 54606 लुधियाना-हिसार रद्द रहेंगी।

2 ट्रेनों का बदलेगा गंतव्य स्टेशन

28 नवंबर को ट्रेन संख्या 74962 फिरोजपुर कैंट-लुधियाना लुधियाना के बजाय बड़ोवाल स्टेशन पर ही समाप्त होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 64523 अंबाला कैंट-लुधियाना धंधारी कलां स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।

इन ट्रेनों का बदलेगा प्रारंभिक स्टेशन

ट्रेन संख्या 74963 लुधियाना-फिरोजपुर कैंट 28 नवंबर को लुधियाना के बजाय बड़ोवाल से रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 64522 लुधियाना-अंबाला कैंट धंधारी कलां स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

कुछ ट्रेनें देरी से होंगी संचालित

ट्रेन संख्या 54052 फिरोजपुर कैंट-लुधियाना 28 नवंबर को 30 मिनट री-शेड्यूल होगी और 30 मिनट रेगुलेट भी की जाएगी। इसके अलावा 5 दिसंबर को ट्रेन संख्या 12920 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-डॉ. अंबेडकर नगर, 14650 अमृतसर-जयनगर और 14505 अमृतसर-नांगल डैम को 40-40 मिनट रेगुलेट किया जाएगा।

लुधियाना स्टेशन पर बदलेगी ट्रेनों की बर्थिंग

लुधियाना जंक्शन पर कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर आने और खड़े होने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। इनमें ट्रेन संख्या 18104 अमृतसर-टाटानगर, 12379 सियालदह-अमृतसर और 12029 नई दिल्ली-अमृतसर सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी रेलवे की एनटीईएस वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।