लुधियाना रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक अभियान, 485 बेटिकट यात्री पकड़े, 4.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवे में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 16 नवंबर को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक के तहत सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान में 15 टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर व्यापक जांच की।

जांच के दौरान कुल 485 बिना टिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे रेलवे ने लगभग 4.90 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। अभियान के दौरान यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र और रेलवे नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।