दिसंबर में 47 जोड़ी ट्रेनों में बढ़ेंगे 131 अतिरिक्त कोच

दिसंबर में रेल यात्रियों को बड़ी राहत, 47 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 131 अतिरिक्त कोच

उत्तर पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला, बढ़ती यात्री भीड़ और वेटिंग लिस्ट को देखते हुए 1 से 31 दिसंबर तक ट्रेनों में अस्थायी रूप से बढ़ाई जाएगी कोचों की संख्या

जयपुर। दिसंबर माह में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। रेलवे की ओर से दिसंबर में 47 जोड़ी रेलसेवाओं में कुल 131 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। इससे यात्रियों को अधिक सीटें और बर्थ उपलब्ध हो सकेंगी तथा प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की अतिरिक्त संख्या और यात्रा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रेलसेवाओं में स्लीपर, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, फर्स्ट मय सेकंड एसी और सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे की इस व्यवस्था के तहत जयपुर-जोधपुर, अजमेर-अमृतसर, जयपुर-उदयपुर सिटी, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, जोधपुर-वाराणसी सिटी, जोधपुर-दादर, जैसलमेर-साबरमती, श्रीगंगानगर-दिल्ली, दिल्ली-जोधपुर, बीकानेर-दिल्ली सराय, भगत की कोठी-जम्मूतवी और जोधपुर-भोपाल सहित कई प्रमुख रेलमार्गों पर अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

इसके अलावा हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के विभिन्न रेलमार्गों पर संचालित कई पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। कुछ ट्रेनों में 4 से 5 अतिरिक्त सामान्य कोच तक लगाए जा रहे हैं।

अतिरिक्त कोचों की यह व्यवस्था अधिकांश रेलसेवाओं में 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। कुछ ट्रेनों में उनके प्रस्थान स्टेशन और वापसी स्टेशन के अनुसार अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। रेलवे की इस पहल से दिसंबर में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को अतिरिक्त सीटों और बर्थ की सुविधा मिल सकेगी।