यात्रियों को रेलवे की बड़ी राहत, तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई

जयपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए तीन जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे मुंबई, भिवानी, जयपुर, यशवंतपुर, हुब्बल्लि और खातीपुरा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09001/09002 मुंबई सेंट्रल-भिवानी-मुंबई सेंट्रल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाई गई है। मुंबई सेंट्रल से यह ट्रेन 1 दिसंबर से 29 दिसंबर 2026 तक 9 ट्रिप तथा भिवानी से 2 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक 9 ट्रिप संचालित होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 06543/06544 यशवंतपुर-जयपुर-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को भी विस्तार दिया गया है। यशवंतपुर से यह ट्रेन 2 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक 5 ट्रिप तथा जयपुर से 5 दिसंबर 2026 से 2 जनवरी 2027 तक 5 ट्रिप संचालित की जाएगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 07371/07372 हुब्बल्लि-खातीपुरा-हुब्बल्लि साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि भी बढ़ाई गई है। हुब्बल्लि से यह ट्रेन 12 दिसंबर से 26 दिसंबर 2026 तक 3 ट्रिप तथा खातीपुरा से 14 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक 3 ट्रिप संचालित होगी।

रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को आगामी दिनों में आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और त्योहारों एवं छुट्टियों के दौरान बढ़ते यात्री यातायात को संभालने में मदद मिलेगी।