महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को लेकर संगोष्ठी, 42 महिलाओं ने साझा किए अपने अनुभव

महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को लेकर संगोष्ठी, 42 महिलाओं ने साझा किए अपने अनुभव

महिला हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प

जयपुर। महिलाओं के अधिकारों, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन, प्रधान कार्यालय जयपुर की महिला विंग की ओर से बुधवार को महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 42 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगोष्ठी में महिला उत्पीड़न, भेदभाव, दहेज प्रताड़ना और कार्यस्थल पर होने वाले शोषण जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और लैंगिक समानता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सहायक महामंत्री मीना सक्सेना ने कहा कि आधुनिक दौर में भी महिलाओं को विभिन्न प्रकार की हिंसा और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। दहेज प्रताड़ना, कार्यस्थल पर शोषण और सामाजिक माध्यमों के जरिए चरित्र हनन जैसी घटनाएं महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अन्याय के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी को समान शिक्षा, अवसर और संस्कार देना जरूरी है। लैंगिक समानता से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

शाखा उपाध्यक्ष सोनल माथुर, महिला विंग की सचिव विभा तापड़िया और पारुल माथुर ने भी विचार रखे। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

संगोष्ठी का खास आकर्षण महिलाओं द्वारा अपने व्यक्तिगत अनुभवों और जीवन की चुनौतियों को खुलकर साझा करना रहा। आरती, दीप्ति, जमना, आकृति, इंद्रा, लीला, रेखा, रेणु, विभी, रश्मि, अल्का, ओमवती, कैलाशी, गुल्ली देवी, हर्षिता, विजयी, राजवती और सीमा सहित अन्य महिलाओं ने चर्चा में भाग लेते हुए अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, शोषण और भेदभाव समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया। संगोष्ठी ने यह स्पष्ट किया कि महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और अवसर उपलब्ध कराना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।