उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर मनाया गया 77वां संविधान दिवस, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कराया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर मनाया गया 77वां संविधान दिवस, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कराया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

अधिकारियों और कर्मचारियों ने संवैधानिक मूल्यों के पालन तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को 77वां संविधान दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

समारोह के दौरान महाप्रबंधक पंकज शर्मा सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों और मूल्यों का पालन करने तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 'माई भारत' पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही संविधान की उद्देशिका का ऑनलाइन वाचन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। समारोह ने संविधान के प्रति रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।