त्योहारों में श्रद्धालुओं को राहत, नई दिल्ली-कटड़ा विशेष ट्रेन के 14 फेरे बढ़े

जम्मू। आगामी नवरात्रि और दीपावली पर्व के दौरान श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए 12 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक 14 फेरों के साथ संचालित होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक 14 फेरों के साथ चलेगी।

यह विशेष ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी।

विशेष ट्रेन के संचालन से त्योहारी सीजन में नई दिल्ली से जम्मू और कटड़ा जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को आरक्षित टिकट मिलने में सुविधा होगी और प्रतीक्षा सूची का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, विशेष ट्रेन अतिरिक्त भीड़ को समायोजित कर नियमित ट्रेनों पर यात्रियों के दबाव को भी कम करेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 21 एलएचबी डिब्बे होंगे। ट्रेन का मार्ग, समय-सारणी और ठहराव पूर्ववत रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139, एनटीईएस अथवा रेलवे पूछताछ केंद्र से जानकारी प्राप्त करें।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल