वैष्णो देवी यात्रा सुचारु, हेलीकॉप्टर और रोपवे सेवा जारी, नवरात्र में बढ़ेगी भीड़

कटड़ा। बरसात के बाद मौसम साफ होने के साथ ही श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी है। बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहा और अच्छी धूप खिली रही। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु लगातार आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं और पंजीकरण के बाद आरएफआईडी यात्रा कार्ड लेकर भवन की ओर रवाना हो रहे हैं।

दिन के समय भवन की ओर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक रही। मौसम को देखते हुए श्रद्धालु यात्रा के दौरान आवश्यक गर्म कपड़े भी साथ लेकर चल रहे हैं।

हेलीकॉप्टर और बैटरी कार सेवा सामान्य

यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा के साथ बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं भी सामान्य रूप से उपलब्ध हैं। भवन पर माता के दिव्य दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर रहे हैं। इससे भैरव घाटी में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।

नवरात्र में बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या

आगामी शारदीय नवरात्र को देखते हुए वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। नवरात्र के दौरान कटड़ा से लेकर भवन तक यात्रा मार्ग पर विशेष चहल-पहल देखने को मिल सकती है। श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

बाजारों में भी बढ़ी रौनक

माता के दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा लौटकर बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं। इससे आधार शिविर के बाजारों में भी रौनक बनी हुई है। बुधवार शाम चार बजे तक करीब 16 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।