आखिर मेहनत रंग लाई, दिखा असर! हिस्ट्रीशीटर समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, 21 दिन बाद जागी माधौगंज पुलिस!

आखिर मेहनत रंग लाई, दिखा असर! हिस्ट्रीशीटर समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, 21 दिन बाद जागी माधौगंज पुलिस!

चकबंदी ग्राम बघियारी और फैजपुरकम्पू बार्डर सीमा चकबंदी टीम द्वारा नापजोख को लेकर खूनी संघर्ष का आरोप, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला पहुंचा थाने

नामजद आरोपियों में बलवीर का नाम शामिल, थाना माधौगंज का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा; चार धाराओं में एफआईआर दर्ज, अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर निगाहें

#हरदोई

.

आखिरकार मेहनत रंग लाई और न्याय की मांग का असर दिखाई दिया। लगातार पैरवी और कार्रवाई की मांग के बाद थाना माधौगंज पुलिस ने 21 दिन पुराने मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में नामजद बलवीर को थाना माधौगंज का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। ऐसे में मामला और भी गंभीर हो गया है। अब सवाल सिर्फ एफआईआर दर्ज होने का नहीं, बल्कि पुलिस की निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई का है।

चकमार्ग की नापजोख के दौरान विवाद, मारपीट का आरोप

प्राप्त एफआईआर के अनुसार, ग्राम गौरा निवासी दिलीप यादव पुत्र मेवालाल ने आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे चकमार्ग के किनारे की सीमा खुलवाने के लिए नापजोख कराई जा रही थी। इसी दौरान विपक्षीगण बलवीर, रामकुमार, रामशंकर, वीरपाल और श्यामजी पर कथित रूप से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना में दिलीप यादव, राजबहादुर, मुकेश और कुलदीप को चोटें आईं। सूचना पर 112 पुलिस सेवा और 108 एंबुलेंस पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिलग्राम ले जाया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाना माधौगंज में कानूनी कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।

हिस्ट्रीशीटर का नाम आने से मामला और गंभीर, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

इस प्रकरण में नामजद बलवीर को थाना माधौगंज का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। यदि इसकी आधिकारिक पुष्टि होती है तो पुलिस के लिए यह मामला कानून-व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हो जाता है। सवाल उठता है कि क्या पुलिस हिस्ट्रीशीटर की आपराधिक गतिविधियों और वर्तमान मामले में उसकी भूमिका की गंभीरता से जांच करेगी? क्या पीड़ितों को सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय मिल सकेगा?

21 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर, चार धाराओं में पांच नामजद

थाना माधौगंज पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0288 दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 115(2), 351(3) और 352 के तहत पांच लोगों को नामजद किया गया है।

 

अब देखना होगा पुलिस का अगला कदम!

मुकदमा दर्ज होने के बाद अब निगाहें पुलिस की विवेचना और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। पीड़ित पक्ष को केवल कागजों पर दर्ज मुकदमे से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कानूनसम्मत कार्रवाई और सुरक्षा से न्याय मिलने की उम्मीद है।

एक सवाल पुलिस प्रशासन से भी है_जब मामला मारपीट और जान से मारने की धमकी का हो और नामजद आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा हो, तो क्या पुलिस इस प्रकरण को सामान्य विवाद मानकर छोड़ देगी या कानून का इकबाल बुलंद करने के लिए प्रभावी कार्रवाई भी करेगी?

आखिर मेहनत रंग लाई, आवाज का असर दिखाई दिया। लेकिन याद रखिए, एफआईआर न्याय की मंजिल नहीं, न्याय की शुरुआत है!

 

*रिपोर्ट: डी डी शुक्ला*

*स्वतंत्र पत्रकार/उत्तर प्रदेश*