25 सितंबर तक जमा करें विद्युत बिल, खराब मीटर व केबिल भी बदलवाएं

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़। विद्युत विभाग ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने विद्युत बिल का भुगतान 25 सितंबर 2026 तक कर दें। विभाग के अनुसार 26 से 30 सितंबर तक पांच दिनों में लगभग सभी बैंक बंद रहेंगे, ऐसे में उपभोक्ताओं को समय से बिल जमा करने की सलाह दी गई है।

उपखण्ड अधिकारी खेरागढ़ अरविन्द कुमार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के परिसर में लगे मीटर खराब, जले हुए अथवा नॉन-डिस्प्ले हैं, वे जल्द से जल्द निकटतम विद्युत उपकेंद्र पर प्रार्थना-पत्र देकर मीटर बदलवाएं। इससे मीटर की रीडिंग के आधार पर सही विद्युत बिल जारी किया जा सकेगा। बिना मीटर अथवा डायरेक्ट विद्युत का उपयोग कर रहे उपभोक्ता भी प्रार्थना-पत्र देकर नियमानुसार मीटर लगवाएं।

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर से पहले इनकमिंग केबिल में कट लगा है अथवा केबिल जलकर खराब हो गई है, वे भी केबिल बदलवाने के लिए संबंधित विद्युत उपकेंद्र पर प्रार्थना-पत्र दें। इससे विद्युत चोरी की संभावनाओं को समाप्त किया जा सकेगा।

वर्तमान में विद्युत चोरी रोकने के लिए सुबह और शाम छापामार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विद्युत चोरी मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभियान में पुलिस एवं प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से मीटर और केबिल दुरुस्त कराने, समय से विद्युत बिल का भुगतान करने तथा विद्युत चोरी से बचने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी दंडनीय अपराध है।