राजस्व निरीक्षक के खिलाफ तीसरे दिन भी गरजे अधिवक्ता, तहसील में नारेबाजी कर किया कार्य बहिष्कार

खेरागढ़। बार एसोसिएशन खेरागढ़ के अधिवक्ताओं ने राजस्व निरीक्षक एवं प्रशासन के खिलाफ शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन किया। बार अध्यक्ष हरिओम सिकरवार के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी खेरागढ़ के न्यायालय में जमकर नारेबाजी की और तहसील परिसर का भ्रमण करते हुए धरना स्थल पर बैठकर विरोध जताया।

अध्यक्ष हरिओम सिकरवार ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनिवास शर्मा के साथ राजस्व निरीक्षक खेरागढ़ द्वारा की गई कथित अभद्रता के विरोध में अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान बैनामा आदि कार्य भी नहीं किए जाएंगे।

प्रदर्शन में सचिव रामवीर सिकरवार, कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा, अजब सिंह सिकरवार, पूर्व अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह परमार, पूर्व अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह सिकरवार, पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा, बच्चू सिंह राजपूत, भरत सिंह राजपूत, सतीश चंद्र शर्मा, भूपेंद्र कुमार दीक्षित, महेंद्र सिंह राजपूत, रघुराज सिंह तोमर, रामप्रकाश गालव, अश्वनी कुमार सिकरवार, कृष्णा कुशवाह, कोमल परमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।