गोंदिया में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 72.661 किलो गांजा बरामद; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोंदिया में दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 69 पैकेट में कुल 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 36.33 लाख रुपये बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल क्राइम इंटेलिजेंस टीम, गोंदिया को 24 अगस्त को गांजा तस्करी की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने गाड़ी संख्या 22827 पुरी?सूरत एक्सप्रेस में दरेंकसा?गोंदिया के बीच जांच अभियान चलाया। इस दौरान बी-5 कोच में चार ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में यात्रा कर रहे एक महिला और एक पुरुष यात्री को पकड़ा गया।

पूछताछ में दोनों की पहचान टूकु नायक (38) और ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू (35), निवासी कांटाभाजी, बलांगीर, ओडिशा के रूप में हुई। ट्रॉली बैग की विधिवत तलाशी लेने पर 69 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 72.661 किलोग्राम था।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा कांटाभाजी, ओडिशा से भुसावल, महाराष्ट्र ले जा रहे थे। पूछताछ में दोनों ने पूर्व में भी करीब 10 बार गांजा तस्करी करने की बात स्वीकार की। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार उनके खिलाफ ओडिशा के विभिन्न स्थानों में पूर्व के आपराधिक मामले भी दर्ज पाए गए हैं।

आरपीएफ ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों और बरामद गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंदिया के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी गोंदिया ने 25 अगस्त को अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी)ii(सी) और 29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन नारकोस के तहत ट्रेनों और रेलवे परिसरों में लगातार निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है।