दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रचा नया रिकॉर्ड, चार दिन पहले पार किया 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा

बिलासपुर। देश की ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल लदान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 18 अगस्त को 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार कर लिया। खास बात यह है कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में यह उपलब्धि चार दिन पहले हासिल की गई है।

18 अगस्त तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 100.125 मिलियन टन प्रारंभिक माल लदान किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 97.673 मिलियन टन माल लदान हुआ था। इस तरह 2.452 मिलियन टन यानी 2.51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

माल लदान के साथ रेलवे के प्रारंभिक माल भाड़ा राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में 12,023.6 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 11,824.2 करोड़ रुपये की तुलना में 199.4 करोड़ रुपये अधिक है। वहीं, इस दौरान 26,535 रेक लोड किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.59 प्रतिशत अधिक हैं।

कोयला और अन्य संसाधनों की ढुलाई में अहम भूमिका

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के माध्यम से कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, सीमेंट सहित कई महत्वपूर्ण संसाधनों का परिवहन देश के विभिन्न हिस्सों तक किया जाता है। इससे देश की ऊर्जा जरूरतों के साथ आधारभूत संरचना और औद्योगिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है।

यात्री सुविधाओं पर भी विशेष जोर

माल परिवहन के साथ यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी रेलवे का विशेष जोर है। यात्रियों की बढ़ती मांग और विभिन्न अवसरों पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए अप्रैल से जुलाई 2026 तक 48 स्पेशल ट्रेनों के 140 फेरे संचालित किए गए।

ग्रीष्मकाल में समर स्पेशल, रथ यात्रा के दौरान रथ यात्रा स्पेशल और वर्तमान में श्रावण मास में श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिलने के साथ नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिली है।

आधुनिक सुविधाओं से बढ़ रही रेल क्षमता

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में दोहरीकरण, तीसरी और चौथी रेल लाइन, यार्ड रीमॉडलिंग, आधुनिक सिग्नलिंग समेत कई क्षमता वृद्धि कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन कार्यों से माल और यात्री ट्रेनों के संचालन में गति तथा दक्षता बढ़ रही है।

100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा समय से पहले पार करना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बेहतर परिचालन योजना, मजबूत आधारभूत संरचना और देश की आर्थिक विकास यात्रा में उसके महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है।