बिलासपुर स्टेशन पर सघन टिकट जांच अभियान, 385 मामलों में 3.17 लाख रुपये जुर्माना वसूला

बिलासपुर। बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना तथा टिकटधारी यात्रियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 20 अगस्त को बिलासपुर स्टेशन सहित चांपा-बिलासपुर-भाटापारा रेलखंड में नाका टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, मुख्य टिकट निरीक्षकों और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने बिलासपुर स्टेशन तथा यहां से गुजरने वाली 26 ट्रेनों में सघन जांच की।

जांच के दौरान कुल 385 मामले पकड़े गए और 3,17,410 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 285 मामलों में 2,59,800 रुपये, अनियमित टिकट के 77 मामलों में 55,105 रुपये तथा बिना बुक किए गए सामान के 23 मामलों में 2,505 रुपये का जुर्माना शामिल है।

रेल प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को परेशान करना नहीं, बल्कि रेल यात्रा में नियमों के पालन को बढ़ावा देना और टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा करना है। नियमित टिकट जांच से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के साथ रेलवे के राजस्व की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए नियमानुसार प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही यात्रियों से रेलवे परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी नहीं फैलाने तथा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचने का आग्रह किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि रेलवे देश की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी सुरक्षा, स्वच्छता तथा सुव्यवस्थित संचालन में यात्रियों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।