राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने में उत्तर-पश्चिम रेलवे की बड़ी पहल, उत्कृष्ट कार्यालयों को मिली ‘राजभाषा चल वैजयंती शील्ड’

जयपुर। सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को और बढ़ावा देने तथा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन को गति देने के उद्देश्य से नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), जयपुर की छमाही बैठक मंगलवार को उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय के ?संकल्प? सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक एवं नराकास अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा ने की।

बैठक में 1 जनवरी से 30 जून 2026 तक की छमाही अवधि में सदस्य कार्यालयों द्वारा हिंदी के प्रयोग और राजभाषा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान दैनिक प्रशासनिक एवं सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।

हिंदी के प्रयोग को और बढ़ाने का आह्वान

अध्यक्ष पंकज शर्मा ने सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों से अपने दैनिक शासकीय कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी राजभाषा हिंदी के प्रयोग के लिए नियमित रूप से प्रेरित करने और आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025-26 में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नराकास (कार्यालय-2), जयपुर को आगामी 14 और 15 सितंबर 2026 को नवी मुंबई में राष्ट्रीय स्तर पर ?प्रशंसनीय? श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि समिति के सदस्य कार्यालयों द्वारा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

उत्कृष्ट कार्यालयों को मिली चल वैजयंती शील्ड

बैठक के दौरान राजभाषा के निर्धारित मानकों का बेहतर अनुपालन करने वाले सदस्य कार्यालयों को 'राजभाषा चल वैजयंती शील्ड' और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।'क' वर्ग के कार्यालयों में उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय, जयपुर ने प्रथम, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण कार्यालय, राज्य इकाई, जयपुर ने द्वितीय तथा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जयपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1, जयपुर और दूरदर्शन केंद्र, जयपुर को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

'ख' वर्ग में केंद्रीय विद्यालय संगठन ने प्रथम, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने द्वितीय तथा पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। केंद्रीय जल आयोग (चंबल मंडल) और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (द्वितीय), जयपुर को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिंदी प्रश्नोत्तरी के विजेताओं का भी सम्मान

कार्यक्रम में नराकास स्तर पर आयोजित हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान सदस्य कार्यालयों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई और राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक ने सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न कार्यालयों के बीच राजभाषा के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक संदेश दिया।