महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने रेवाड़ी-रींगस-जयपुर रेलखंड का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की जानी प्रगति

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बुधवार को जयपुर मंडल के रेवाड़ी-रींगस-जयपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, रेवाड़ी-नारनौल रेलखंड के दोहरीकरण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

रेवाड़ी स्टेशन पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान पंकज शर्मा ने रेवाड़ी स्टेशन की केंद्रीय क्रू लॉबी, रूट रिले इंटरलॉकिंग टावर, एकीकृत रनिंग रूम और उपमंडल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेल कर्मचारियों से संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और संरक्षा तथा परिचालन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने नारनौल, अटेली और ढेहर का बालाजी स्टेशनों पर उपलब्ध मूलभूत यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए विकसित की जा रही व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

दोहरीकरण कार्य की भी समीक्षा

रेवाड़ी-नारनौल रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इसे निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ढेहर का बालाजी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित द्वितीय प्रवेश द्वार की योजना की भी जानकारी ली तथा स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों से संवाद कर संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभागाध्यक्ष, जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।