रक्षाबंधन पर यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर पश्चिम रेलवे ने बढ़ाए 148 अतिरिक्त डिब्बे

जयपुर। रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों को आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए 55 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के 148 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से बढ़ाए गए हैं। इसके साथ ही विशेष रेलसेवाओं के संचालन और उनके फेरों में भी बढ़ोतरी की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, पूरे अगस्त माह में 55 जोड़ी रेलसेवाओं में 148 अतिरिक्त डिब्बे लगाए जा चुके हैं। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेलसेवाओं के माध्यम से अब तक 192 फेरे अधिसूचित किए जा चुके हैं। रेलवे के इस कदम से त्योहार के दौरान अधिक यात्रियों को आरक्षित सीट उपलब्ध कराने और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

प्रमुख शहरों के लिए चलाई जा रहीं विशेष ट्रेनें

रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, भिवानी, सीकर, रींगस, श्रीगंगानगर, लक्ष्मीबाई नगर, लालकुआं, साबरमती, मदार, नारनौल और समस्तीपुर समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष रेलसेवाएं संचालित की जा रही हैं।

प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन के कुल 34 फेरे संचालित होंगे। वहीं लालकुआं-साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन के कुल 26 फेरे चलाए जाएंगे। मदार-नारनौल-मदार दैनिक विशेष ट्रेन 15 अगस्त से 24 सितंबर तक दोनों दिशाओं में कुल 82 फेरे संचालित करेगी।

पहले से चल रही विशेष ट्रेनों के भी बढ़ाए फेरे

त्योहार के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए पहले से संचालित कई विशेष ट्रेनों के फेरों में भी वृद्धि की गई है। इनमें श्रीगंगानगर-लक्ष्मीबाई नगर विशेष ट्रेन के चार अतिरिक्त फेरे, मुंबई सेंट्रल-भिवानी विशेष ट्रेन के कुल 16 फेरे और बांद्रा टर्मिनस-भिवानी विशेष ट्रेन के कुल आठ फेरे शामिल हैं।

इसके अलावा श्रीगंगानगर-समस्तीपुर विशेष ट्रेन के आठ, कोयम्बटूर-जयपुर विशेष ट्रेन के आठ तथा जयपुर-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन के छह फेरे भी बढ़ाए गए हैं।

यात्रियों की सुविधा पर लगातार नजर

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और मांग की लगातार समीक्षा की जा रही है। जरूरत के अनुसार अन्य महत्वपूर्ण रेलमार्गों पर भी अतिरिक्त विशेष रेलसेवाएं शुरू की जाएंगी। रेलवे का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ के दबाव को कम करना है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की तिथि और समय की पुष्टि अधिकृत सूचना प्रणाली से कर लें तथा निर्धारित श्रेणी के वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।