बारिश भी नहीं रोक सकी मां के भक्तों के कदम, जयकारों के साथ जारी है वैष्णो देवी यात्रा

बारिश भी नहीं रोक सकी मां के भक्तों के कदम, जयकारों के साथ जारी है वैष्णो देवी यात्रा

खराब मौसम के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, 12 हजार भक्तों ने कराया पंजीकरण; सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

कटड़ा। माता वैष्णो देवी के दर्शन की आस्था के आगे बुधवार को बारिश भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक सकी। कांगड़ा क्षेत्र ही नहीं, कटड़ा और त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में भी मौसम ने करवट ली और रुक-रुककर बारिश होती रही, लेकिन मां के भक्तों का उत्साह लगातार बना रहा। श्रद्धालु ?जय माता दी? के जयकारों के साथ पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

बारिश के बीच यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन तथा श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। श्रद्धालु रास्ते में बनाए गए आश्रय स्थलों पर कुछ देर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते और फिर उत्साह के साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ाते रहे।

सुरक्षा के लिए बैटरी कार मार्ग एहतियातन बंद

लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर पहाड़ी से कंकड़-पत्थर और मलबा आने तथा कीचड़ जमा होने की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बैटरी कार मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया। मार्ग को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों तथा आपदा प्रबंधन दल की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा पर मौसम का असर

खराब मौसम के चलते बुधवार को हेलीकॉप्टर सेवा भी स्थगित रही। हालांकि पारंपरिक मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं उपलब्ध रहीं। इससे श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा जारी रखने में सुविधा मिली।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत

यात्रा मार्ग पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान लगातार तैनात हैं। टीमें मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था को सक्रिय रखा गया है।

दोपहर तक 12 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

बुधवार दोपहर तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा। बारिश के बावजूद भक्तों के चेहरे पर मां के दर्शन की खुशी और उत्साह साफ नजर आया। परिवार और मित्रों के साथ श्रद्धालु जय माता दी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

आस्था के आगे मौसम भी बेअसर

श्रद्धालुओं का कहना है कि मां के दर्शन की आस्था उन्हें हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। बारिश के बावजूद यात्रा मार्ग पर भक्तों का उत्साह इस बात का गवाह बना रहा कि मां के दरबार में पहुंचने की श्रद्धा के आगे मौसम की चुनौती भी छोटी पड़ गई।

श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम के अनुसार सभी जरूरी कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।