चाणक्यपुरी के इको पार्क में उत्तर रेलवे प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने चलाया वृक्षारोपण अभियान

दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन (एनआरपीओए) की ओर से चाणक्यपुरी स्थित इको पार्क में व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख विभागाध्यक्षों ने सक्रिय भागीदारी की।

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में अभियान का नेतृत्व करते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि रेलवे अपनी भूमि पर हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक हर्ष खरे सहित प्रमुख विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने इको पार्क परिसर में विभिन्न स्वदेशी एवं छायादार पौधे रोपे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण पर भी जोर दिया गया।

महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने के लिए उत्तर रेलवे प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उत्तर रेलवे प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी विभिन्न मंडलों में इसी प्रकार के हरित एवं स्थायित्व संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एस.एल. वाधवा, अध्यक्ष; वीरेंद्र कुमार, महासचिव; बी.बी. गर्ग, कार्यकारी अध्यक्ष; अमित जैन, महासचिव; वीरेंद्र भारती, वित्त सचिव; तथा जतिंदर कुमार, सचिव, आईआरपीओएफ सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।