जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर नशामुक्ति का संदेश, रेलकर्मियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

जम्मू। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को राष्ट्रीय नशामुक्ति शपथ अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, स्टेशन प्रशासन, टिकट जांच विभाग और अन्य रेलवे कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, बल सदस्यों और रेलवे कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ शपथ ली और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यात्रियों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

रेलवे स्टेशन के यात्री परिसरों और प्रमुख स्थानों पर नशाविरोधी संदेशों वाले बैनर, पोस्टर एवं प्रचार सामग्री भी प्रदर्शित की गई। इनके माध्यम से यात्रियों को नशे से होने वाले नुकसान और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आरपीएफ, जीआरपी, स्टेशन अधीक्षक जम्मू तवी, मुख्य टिकट निरीक्षक जम्मू तथा अन्य रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के माध्यम से जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से यात्रियों और आमजन को ?नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन की ओर मजबूती? का सकारात्मक संदेश दिया गया।