भारी बारिश के बीच पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवा बंद

भारी बारिश के बीच पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवा बंद

पेड़ और बोल्डर गिरने से रेल ट्रैक प्रभावित, वरिष्ठ अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी; यात्रियों की सुरक्षा को रेलवे ने दी सर्वोच्च प्राथमिकता

जम्मू। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेलखंड की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई स्थानों पर पेड़ और बोल्डर गिरने, रेल पटरी के आसपास मलबा आने तथा जलभराव के कारण ट्रैक की सुरक्षा और स्थिरता प्रभावित हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने इस रेलखंड पर रेल सेवाओं का संचालन अगले आदेश तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

भारी बारिश के कारण रेलखंड के विभिन्न हिस्सों में लगातार भूस्खलन जैसी स्थिति और मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में रेल परिचालन जारी रखना यात्रियों, रेल कर्मचारियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए जोखिम भरा हो सकता है। इसी को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी के निर्देश पर रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्णय लिया गया है।

चार नैरो गेज ट्रेनें रद्द

रेलवे के अनुसार 19 अगस्त से निम्नलिखित रेल सेवाएं रद्द रहेंगी

- 52473 बैजनाथ पपरोला जोगिंदर नगर

- 52472 जोगिंदर नगर बैजनाथ पपरोला

- 52464 बैजनाथ पपरोला कोपर लाड़

- 52469 कोपर लाड़ बैजनाथ पपरोला

युद्ध स्तर पर जुटा इंजीनियरिंग विभाग

रेल संचालन बंद होने के बाद रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग प्रभावित रेलखंड की सुरक्षा जांच और मरम्मत कार्य में युद्ध स्तर पर जुट गया है। टीमें विभिन्न स्थानों पर ट्रैक का निरीक्षण कर रही हैं। गिरे हुए पेड़ों और बोल्डरों को हटाने के साथ रेल पटरी की मजबूती, जलभराव और मलबे की स्थिति की जांच की जा रही है।

सीनियर डीईएन शुभम पवार लगातार 24 घंटे पूरे रेलखंड की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर आवश्यक सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। रेलवे की तकनीकी टीमें मौसम और ट्रैक की स्थिति पर लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते चिन्हित किया जा सके।

सुरक्षित ट्रैक मिलने के बाद ही शुरू होगा संचालन

वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और ट्रैक की स्थिति सामान्य होने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा जांच और मरम्मत कार्य पूरे होने के बाद ही रेल सेवाओं को दोबारा शुरू किया जाएगा।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यात्री एनटीईएस के माध्यम से ट्रेन की स्थिति देख सकते हैं अथवा रेलवे सहायता नंबर 139 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रेलवे ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि मौसम और रेलखंड की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवा बहाल की जाएगी।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल,उत्तर रेलवे