ठंडी हवाओं और फुहारों के बीच जारी मां वैष्णो देवी की यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

कटड़ा। बरसात के मौसम में बदलते मौसम के बीच विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा मंगलवार को भी श्रद्धा और उत्साह के साथ सुचारू रूप से जारी रही। त्रिकूट पर्वत पर बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के बीच श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए। ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया, जिससे यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को भी राहत मिली।

मंगलवार को बीच-बीच में हुई हल्की बारिश के कारण कुछ समय के लिए बैटरी कार मार्ग पर आवाजाही एहतियातन रोकी गई। मौसम में सुधार और मार्ग का निरीक्षण करने के बाद इसे दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके बाद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही।

घोड़ा-पिट्ठू और पालकी सेवा उपलब्ध

यात्रियों की सुविधा के लिए बैटरी कार सेवा के साथ घोड़ा-पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी आसानी से उपलब्ध रहीं। मौसम के कारण कटड़ा से भवन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय प्रभावित रही, जबकि पारंपरिक मार्ग से श्रद्धालुओं की यात्रा लगातार जारी रही।

श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से बदलते मौसम को देखते हुए यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, सीआरपीएफ और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

दोपहर तक 13 हजार से अधिक श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

मंगलवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर दिया था। श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। मां के दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी शीश नवाते नजर आए।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में खरीदारी और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेते दिखे। इससे आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में भी रौनक बनी रही।

बदलते मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। मां वैष्णो देवी के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा और श्रद्धालु प्राकृतिक सुंदरता के बीच भक्तिभाव से भवन की ओर बढ़ते रहे।